Pithoragarh protest आमा-बूबू का आखिरी इंतजार? | Road Demand | CM Dhami | Uttarakhand News

Spread the love

फिल्म में पहाड़ का दर्द, हकीकत में अनदेखी! 82 साल की उम्र, हड्डियां गलाने वाली ठंड, एक तरफ बड़े पर्दे पर उत्तराखंड के पहाड़ों की कहानी कहती फिल्म ‘पायर’ (Pyre) के आमा-बूबू पर पूरा देश प्यार लुटा रहा है। सिनेमाघरों में लोग इनकी सादगी देखकर रो रहे हैं, तालियां बजा रहे हैं। लेकिन, ज़रा स्क्रीन से नज़र हटाकर असल ज़िंदगी के इन आमा-बूबू को देखिए!जो सिस्टम की बेरुखी का शिखार हो रहे हैं। जी हां दोस्तो ये दोनों तस्वीरें कहानी है पर्दे पर आमा-बूबू को प्यार, असल जिंदगी में सड़क का इंतजार की, उम्र 82 साल और 78 साल। जिस उम्र में शरीर को आराम चाहिए, दवाइयां और अपनों का सहारा चाहिए। उस उम्र में ये बुजुर्ग दंपति हाथ में लाठी लिए, हड्डियां गला देने वाली ठंड में सड़क पर बैठे हैं। क्यों? किसी महल या खज़ाने के लिए नहीं, बल्कि सिर्फ़ एक अदद सड़क के लिए!आज़ादी के 79 साल बाद भी जिस देश में बुजुर्गों को एक सड़क के लिए भूख हड़ताल पर बैठना पड़े, वहां विकास के बड़े-बड़े दावों पर तमाचा नहीं तो और क्या है? ये कहानी है उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला ब्लॉक में बसे कनार गांव की। करीब 12 नवंबर से कनार गांव के पुरुष, महिलाएं और बुजुर्ग अपना घर-बार छोड़कर पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय पर आमरण अनशन और धरने पर डटे हुए हैं।इनकी मांग बेहद साधारण है—बरम से कनार गांव को जोड़ने वाली करीब 16 से 18 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण। दशकों बीत गए, सरकारें आईं और गईं, नेता हर चुनाव में वोट मांगने आए और सड़क का लॉलीपॉप थमाकर चले गए। आज भी कनार गांव के लोगों को मुख्य सड़क (बरम) तक पहुंचने के लिए घने जंगलों और खतरनाक पहाड़ी रास्तों से होकर 16 से 18 किलोमीटर का पैदल सफर तय करना पड़ता है। दोस्तो जरा सोचिए, इस गांव में अगर कोई बीमार पड़ जाए तो क्या होता होगा? अगर किसी गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो जाए, तो अस्पताल कैसे पहुंचाया जाता होगा? जवाब है—डोली! आज भी 21वीं सदी के भारत में कनार के लोग अपने मरीजों को कंधों पर लादकर मीलों पैदल चलते हैं, तब जाकर कहीं गाड़ी नसीब होती है। कई बार तो अस्पताल पहुंचने से पहले ही सांसें टूट जाती हैं!

दोस्तो जब युवा और गांव के बाकी लोग 10 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे रहे और बहरी हो चुकी व्यवस्था के कान पर जूं तक नहीं रेंगी, तब गांव के इन 82 साल के बूबू और 78 साल की आमा से रहा नहीं गया। वो मीलों का सफर तय कर जिला मुख्यालय पहुंचे ताकि शायद उनकी झुर्रियों और कांपती आवाज़ को देखकर ही अधिकारियों का दिल पसीज जाए। लेकिन प्रशासन ने संवेदना दिखाने के बजाय क्या किया? जब ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ा, तो प्रशासन ने संवाद का रास्ता चुनने के बजाय पुलिस बल का इस्तेमाल किया। आरोप है कि शांतिपूर्ण तरीके से हक मांग रही महिलाओं—जिनमें खुद गांव की महिला प्रधान भी शामिल थीं—को पुलिस ने जबरन घसीटकर धरना स्थल से उठाया। प्रदर्शनकारियों ने यहां तक आरोप लगाया कि खींचतान में महिलाओं के कपड़े तक फट गए! दोस्तो सवाल ये है कि जो लोग 10 दिन से भूखे-प्यासे न्याय की गुहार लगा रहे हैं, उनके साथ अपराधियों जैसा सुलूक किसके इशारे पर हो रहा है? अब प्रशासन और सरकार का रटा-रटाया बहाना भी सुन लीजिए। बताया जा रहा है कि कनार गांव की सड़क का निर्माण अस्कोट कस्तूरा मृग अभयारण्य (Musk Deer Sanctuary) के नियमों और वन कानूनों की पेचीदगियों में उलझा हुआ है।लेकिन यहां सबसे बड़ा सवाल खड़ा होता है—क्या नियम-कानून सिर्फ गरीब पहाड़ियों के लिए ही बने हैं? गोल्को जब बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स, फोर-लेन हाईवे और कॉर्पोरेट हितों की बात आती है, तो रातों-रात वन विभाग की एनओसी (NOC) और पर्यावरण की मंजूरियां मिल जाती हैं। फिर एक सीमांत गांव के लोगों की जान बचाने वाली 18 किलोमीटर की सड़क के लिए दशकों से फाइलें धूल क्यों फांक रही हैं? क्या कस्तूरा मृग की सुरक्षा के नाम पर इंसानों को बिना इलाज के मरने के लिए छोड़ दिया जाएगा? दोस्तो विनोद कापड़ी की फिल्म ‘पायर’ उत्तराखंड के खाली होते गांवों, पलायन और बुजुर्गों के अकेलेपन की पीड़ा दिखाती है। हम सिनेमा हॉल में बैठकर उस दर्द पर आंसू बहाते हैं। लेकिन जब वही दर्द पिथौरागढ़ की सड़कों पर ‘असली आमा-बूबू’ के रूप में बैठकर मदद मांगता है, तो सरकारें आंखें मूंद लेती हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और शासन-प्रशासन को ये समझना होगा कि सिर्फ़ फिल्मों की तारीफ करने से पहाड़ नहीं बचेंगे। पहाड़ तब बचेंगे जब कनार जैसे गांवों तक सड़क पहुंचेगी।कनार के ग्रामीणों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है—सड़क नहीं, तो आंदोलन खत्म नहीं! अब देखना यह है कि सरकार इन 82 और 78 साल के आमा-बूबू की लाठी का मान रखती है, या फिर सिस्टम की संवेदनहीनता यूं ही जारी रहेगी।