उत्तराखंड के देहरादून में भू-माफियाओं और भूमि धोखाधड़ी के मामलों में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ दून पुलिस ने अपना रुख बेहद सख्त कर लिया है। इसी कड़ी में रायपुर थाना पुलिस ने माननीय न्यायालय के आदेश पर भूमि धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे कांग्रेस नेता सूरत सिंह नेगी, उनके बेटे हर्षवर्धन सिंह नेगी और एक अन्य आरोपी मोहित कुमार के खिलाफ ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी की कार्रवाई की है। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों के घरों और प्रमुख चौराहों पर कोर्ट का नोटिस भी चस्पा किया है। रायपुर थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी लगातार पुलिस की पकड़ से दूर चल रहे थे। माननीय न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किए जाने के बाद भी जब आरोपी हाजिर नहीं हुए, तो पुलिस ने न्यायालय से तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 84 BNSS (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता) के तहत उद्घोषणा और मुनादी की वैधानिक कार्रवाई के आदेश प्राप्त किए। 11 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने ढोल-नगाड़े बजाकर इलाके के लोगों को सूचित किया कि यदि आरोपी तय समय के भीतर कोर्ट में हाजिर नहीं होते हैं, तो उनकी संपत्ति की कुर्की की जाएगी।