हरिद्वार में अर्धकुंभ की तैयारी शुरू!पुल पर ‘ॐ’ और स्वास्तिक से सजा अमरापुर घाट! | Uttarakhand News

Spread the love

हरिद्वार में साल 2027 में होने वाले अर्धकुंभ मेले की तैयारियां प्रशासनिक स्तर पर तेज हो गई हैं, जिसके तहत धार्मिक नगरी के प्रमुख घाटों का कायाकल्प किया जा रहा है। इसी कड़ी में शंकराचार्य चौक के समीप स्थित अमरापुर घाट इन दिनों विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जहां पुल पर लगाए गए ‘ॐ’ और ‘स्वास्तिक’ के भव्य कटआउट्स को बेहद खूबसूरती से सजाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर इस सुंदरीकरण का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें रुड़की के चित्रकार मेराज अहमद इन सनातनी प्रतीकों को अंतिम रूप देते नजर आ रहे हैं। अर्धकुंभ की भव्य तैयारियों के बीच सामने आई यह तस्वीर देश की साझा संस्कृति और गंगा-जमुनी तहजीब की एक खूबसूरत मिसाल पेश कर रही है। उत्तराखंड सरकार इस बार के अर्धकुंभ को पूर्ण कुंभ की तर्ज पर भव्य और दिव्य बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है, जिसकी आधिकारिक शुरुआत 14 जनवरी 2027 को मकर संक्रांति के पावन स्नान से होगी। मेले को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए प्रशासन पूरे जिले में करीब 18 लाख पौधे लगाने की योजना पर काम कर रहा है, साथ ही अमरापुर घाट सहित कई प्रमुख घाटों पर आधुनिक लाइटिंग, लेजर वॉटर शो और संगीतमायी फव्वारे जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।