तीन दिवसीय दौर पर आज उत्तराखंड पहुंचेंगी राष्ट्रपति मुर्मू, इन कार्यक्रमों में लेंगी हिस्सा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तीन दिवसीय दौरा है, जिसमें वह आज मंगलवार को उत्तराखंड आएंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का बतौर राष्ट्रपति ये पहला उत्तराखंड दौरा है।

Share

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय दौरे पर आज यानी मंगलवार को उत्तराखंड आ रही हैं। President Droupadi Murmu Three Day Visit to Uttarakhand इस दौरान राष्ट्रपति उधमसिंह नगर, चमोली और देहरादून जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में मौजूद रहेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का बतौर राष्ट्रपति ये पहला उत्तराखंड दौरा है। इसको लेकर पिछले कई दिनों से राज्य सरकार व जिला प्रशासन राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल के लिहाज से कार्यक्रमों को तय कर रहा है। वह बदरीनाथ धाम के दर्शन के साथ ही नौ नवंबर को राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति मंगलवार को पंतनगर पहुंचकर पंतनगर विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में हिस्सा लेंगी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहेंगे। शाम को वह राजभवन देहरादून पहुंचेंगी और राज्य के विभिन्न जनजातीय समूहों से मुलाकात करेंगी। वह राजभवन में ही रात्रि विश्राम करेंगी।

बुधवार को राष्ट्रपति एमआई 17 हेलिकॉप्टर से जीटीसी हेलीपेड से सुबह 9:20 बजे बदरीनाथ हेलीपेड को रवाना होकर 10:20 बजे बदरीनाथ पहुंचेंगी। 11:40 पर बदरीनाथ से रवाना होकर दोपहर साढे बारह बजे श्रीनगर हेलीपेड पहुंचेंगी। उसके बाद श्रीनगर हेलीपेड से राष्ट्रपति शाम 3:50 बजे रवाना होकर शाम 4:40 बजे जीटीसी हेपीपेड देहरादून पहुंचेंगी। बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति विशेष विमान से 12:05 बजे रवाना होंगी। 12:50 बजे दिल्ली पहुंचेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के इस तीन दिवसीय दौरे को लेकर सुरक्षा में नियुक्त किए गये सभी पुलिस बल की अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था एपी अंशुमन और अन्य उच्च अधिकारियों द्वारा ब्रीफिंग की गई। ब्रीफिंग के दौरान राष्ट्रपति के भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर किए गए सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई और वर्तमान सुरक्षा मद्देनजर सभी अधिकारी और कर्मचारियों को सतर्क रहकर ड्यूटी करने के लिए निर्देशित किया गया।