हरिद्वार जिले के सप्तऋषि घाट क्षेत्र में गंगा पार कर हाथियों के करीब पहुंचकर सेल्फी और वीडियो बनाना छह युवकों को भारी पड़ गया। हाथियों के झुंड ने अचानक युवकों को देखकर दौड़ लगा दी, जिसके बाद युवकों ने भागकर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वन विभाग के अनुसार युवकों की लापरवाही बड़ा हादसा करा सकती थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा और लोगों से अपील की कि वन्यजीवों के करीब जाकर फोटो-वीडियो न बनाएं।