नैनीताल जिला मानव वन्य जीव संघर्ष में लगातार इंसानी जिंदगी को खो रहा है। पिछले दो हफ्तों में पांच लोग मानव वन्य जीव संघर्ष का शिकार हुए हैं। सबसे पहले ज्योली गांव में एक महिला को बाघ द्वारा मारा गया, इसके दो दिन बाद भदूनि गांव में शादी में गए युवक को गुलदार ने मार डाला, इन घटनाओं से जिला अभी बाहर नहीं निकला था कि लालकुआं साह पठानी खत्ते में एक हाथी ने 72 घंटे में तीन लोगों को मार डाला। लगातार हो रही मानव वन्य जीव संघर्ष की घटनाओं से पूरा जिला दहशत में है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल का कहना है कि वन विभाग को मानव वन्य जीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए कारगर उपाय किए जाने के निर्देश शासन से दिए गए हैं। इसके अलावा लोग जंगलों की तरफ ना जाएं इसके लिए जागरूकता बढ़ाए जाने और वन विभाग के अधिकारी कर्मचारियों द्वारा गस्त लगाए जाने के लिए भी कहा गया है।