SIM बॉक्स का बड़ा भंडाफोड़! विदेशी कॉल का देसी नंबर वाला खेल!| Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने ऊधमसिंह नगर के बाजपुर में चल रहे राज्य के पहले अवैध ‘सिम बॉक्स’ टेलीकॉम गेटवे का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य आरोपी कादिर अली को गिरफ्तार कर लिया है। खुफिया सूचना के आधार पर साइबर कुमाऊं यूनिट ने बाजपुर के मुड़िया इलाके में ईदगाह के पास एक किराए के मकान पर छापा मारा, जहां से दो अवैध सिम बॉक्स, 114 सक्रिय सिम कार्ड, 77 एंटीना और हाई-स्पीड इंटरनेट उपकरण बरामद किए गए। आरोपी पिछले सात महीनों से इस अवैध सेटअप का संचालन कर रहा था, जिसके जरिए विदेशों से आने वाली इंटरनेट (VoIP) कॉल्स को स्थानीय भारतीय मोबाइल नंबरों में तब्दील कर दिया जाता था ताकि कॉल करने वाले की असली लोकेशन और अंतरराष्ट्रीय पहचान पूरी तरह छिप सके।

जांच में सामने आया है कि इस अवैध नेटवर्क के तार सीधे बांग्लादेश के साइबर अपराधियों से जुड़े हैं, जहां से यह सिम बॉक्स डिवाइस कूरियर के जरिए मंगाई गई थी। इस तकनीकी हेरफेर का इस्तेमाल भारत में लोगों को ‘डिजिटल अरेस्ट’, रंगदारी और फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर वित्तीय धोखाधड़ी के जाल में फंसाने के लिए किया जा रहा था। आरोपी पहले भी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में इसी तरह के टेलीकॉम फ्रॉड में जेल जा चुका है और जमानत पर बाहर आकर दोबारा सक्रिय हुआ था। फिलहाल एसटीएफ फर्जी पहचान पर सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले स्थानीय एजेंटों और आरोपी के बैंक खातों के लेन-देन की गहन पड़ताल कर रही है।