उत्तराखंड के लिए अगले 5 दिन भारी! Uttarakhand News । weather । Pithoragarh । Snow Fall

Spread the love

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदल गया और पहाड़ से मैदान तक बादल मंडरा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में ओलावृष्टि और अंधड़ ने दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। हालांकि, निचले इलाकों में हल्की बौछारों के बाद पारे में गिरावट दर्ज की गई और भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार हैं। पहाड़ों में आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और आंधी को लेकर चेतावनी जारी की गई है। विशेषकर रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, और पिथौरागढ़ जैसे जनपदों में मौसम का मिजाज काफी सख्त बना हुआ है। रुद्रप्रयाग जिले में अचानक हुई झमाझम बारिश और तेज हवाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है, जिसके चलते केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अब ‘अलर्ट मोड’ पर है।

मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, आने वाले 24 से 48 घंटों में राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों, विशेषकर 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर स्थित इलाकों में बर्फबारी की प्रबल संभावना जताई गई है। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण भीषण गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा था। हालात ऐसे थे कि दिन के समय लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे थे और सड़कों व बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता था। लेकिन पिछले दो दिनों में बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना हो गया है। धूप और बादलों के बीच चल रही आंख-मिचौली ने शहर की रफ्तार को फिर से सामान्य कर दिया है और बाजारों में रौनक लौट आई है।