उत्तराखंड में बढ़ेगा सर्दी का सितम, इन जिलों में कोहरा लोगों की छुड़ाएगा कंपकंपी; येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग की मानें तो हरिद्वार, उधम सिंह नगर, पौड़ी और नैनीताल जिले में घना कोहरा छाया रह सकता है। ऐसे में इन स्थितियों के कारण तापमान में बेहद कमी रिकॉर्ड की जा सकती है।

Share

उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड से जनजीवन बेहाल हो गया है। खासकर मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे के कारण दुश्वारियां बढ़ गई हैं। Uttarakhand Weather Alert ठंडी हवाओं के कारण लोगों को दिन में भी ठंडक का अहसास हो रहा है। सूरज निकलने के बाद भी धूप बेअसर हो रही है। गलन बढ़ने के कारण घरों में रह रहे लोगों को भी अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। देहरादून से हरिद्वार तक पछुआ हवाओं के असर के कारण रातें ठंडी हो रही हैं। न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिरता दिख रहा है। मौसम विभाग की मानें तो हरिद्वार, उधम सिंह नगर, पौड़ी और नैनीताल जिले में घना कोहरा छाया रह सकता है। ऐसे में इन स्थितियों के कारण तापमान में बेहद कमी रिकॉर्ड की जा सकती है।

साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में पाला परेशानी बढ़ा सकता है। कोहरे के चलते रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस एक घंटा 41 मिनट की देरी, हावड़ा देहरादून कुंभ ग्यारह जनवरी को आधा घंटा देरी से, कोटा देहरादून नंदा देवी एक्सप्रेस दस जनवरी को तीन घंटे 12 मिनट की देरी और ग्यारह जनवरी को एक घंटा 18 मिनट की देरी से देहरादून पहुंची। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में सर्दी का सितम जारी रहेगा। शुष्क मौसम के बीच तापमान में गिरावट के भी आसार हैं। उत्तराखंड में शीत दिवस की स्थिति है। सर्दियों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे होता है और अधिकतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला जाता है तो शीत दिवस की स्थिति बन जाती है।