उत्तराखंड में बढ़ती गर्मी के बीच आज राहत मिलने के आसार, 8 पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी का यलो अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार आज राज्य के उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश होगी।

Share

उत्तराखंड में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। तापमान कई जिलों में 35 डिग्री को पार कर गया है। पहाड़ों पर गर्मी बढ़ने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। Uttarakhand Weather 05 April गर्मी के असर के बीच मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के आठ जिलों में बारिश का अनुमान लगाया है। ये बारिश 8 पर्वतीय जिलों में होगी, लेकिन दो पर्वतीय जिलों चंपावत और नैनीताल में बारिश नहीं होगी। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार आज राज्य के उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश होगी। बारिश के साथ ही मौसम विभाग ने इन आठों जिलों के 4000 मीटर से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का भी अनुमान लगाया है। हालांकि इन इलाकों में अक्सर बर्फबारी हो रही है। अब ताजा बर्फबारी से मौसम ठंडा होने की उम्मीद है।

6 अप्रैल के बाद प्रदेश भर में मौसम साफ रहेगा। मैदानी जिलों के साथ ही पर्वतीय इलाकों में तेज धूप निकलने से गर्मी और सताएगी। पारा 35 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की भी संभावना है। गुरुवार को भी उत्तराखंड के मौसम बदला हुआ रहा। यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में तेज आंधी तूफान के साथ बारिश हुई। केदारनाथ में भी दोपहर के बाद जमकर बर्फबारी हुई। बर्फबारी होने से केदारनाथ में बर्फ हटाने का काम प्रभावित हुआ है। सुबह से केदारपुरी में चटख धूप खिली हुई थी लेकिन दोपहर के समय बदल छा गए और तेज बर्फबारी हुई। केदारपुर में हो रही बर्फबारी के कारण बर्फ साफ करने का काम लगातार प्रभावित हो रहा है। निर्माण कार्यों में भी बाधा आ रही है। बद्रीनाथ धाम में भी 3 फीट बर्फ जमा है। यात्रा की तैयारी को लेकर प्रशासन भी जुट गया है।