मसूरी में फिर भिड़े पर्यटक और स्कूटी सवार! कहासुनी के बाद सड़क पर हाथापाई | Uttarakhand News

Spread the love

मसूरी के टाउनहाल के बाहर पार्किंग को लेकर पर्यटकों और एक स्थानीय स्कूटी सवार के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गुरुवार देर शाम हुई इस घटना में मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते एक बड़े विवाद का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच बीच सड़क पर जमकर लात-घूंसे चले। इस हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान गुस्साए पर्यटक ने स्कूटी की चाबी से स्थानीय युवक के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच सड़क पर हुई इस मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय राहगीरों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।

घटना की सूचना मिलते ही मसूरी कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित या औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है, क्योंकि पर्यटन सीजन के दौरान ऐसी हिंसक झड़पें और कानून-व्यवस्था की स्थिति हिल स्टेशन की सुरक्षा और छवि पर बेहद बुरा असर डालती हैं।