केदारनाथ धाम में कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश के दो तीर्थयात्रियों की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें हेली-एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश एयरलिफ्ट किया है। बीमार यात्रियों की पहचान कर्नाटक निवासी 65 वर्षीय मोहन भंडारी और हिमाचल प्रदेश के कुल्लू निवासी चेतराम के रूप में हुई है। बाबा केदार के दर्शन के दौरान दोनों को सांस लेने में तकलीफ और अत्यधिक ऊंचाई के कारण स्वास्थ्य संबंधी गंभीर दिक्कतें होने लगी थीं, जिसके बाद उन्हें तुरंत धाम में स्थित स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
हालात की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों मरीजों को तुरंत हायर सेंटर रेफर करने की सिफारिश की। इसके बाद रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन रजवार ने तत्परता दिखाते हुए मेडिकल टीम के समन्वय से आपातकालीन हेली सेवा का प्रबंध किया। प्रशासन के इस त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन के चलते दोनों यात्रियों को समय रहते एम्स ऋषिकेश पहुँचाया गया, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। उत्तराखंड सरकार ने इस तीर्थयात्रा सीजन में यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता स्वास्थ्य इंतजाम और आपातकालीन एयरलिफ्ट सुविधाएं तैनात की हैं।