उत्तराखंड भाजपा का गांव चलो अभियान, जनता के समय बिताएंगे CM धामी

गांव चलो अभियान के लिए मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्रियों, विधायकों और पार्टी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है।

Share

उत्तराखंड भाजपा का कल नौ फरवरी से 11 फरवरी तक गांव चलो अभियान चलेगा। गांव चलो अभियान के लिए मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्रियों, विधायकों और पार्टी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है। लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत 9 से 11 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लोहाघाट विधानसभा के कमलेडी गांव एवं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट बदरीनाथ विधानसभा के पांडुकेश्वर जोशीमठ में प्रवास करेंगे। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने उक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पांडुकेश्वर में प्रवास करेंगे। इसके अतिरिक्त पार्टी के सभी पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता राज्य के 11729 बूथों पर 24 घंटे प्रवास करेंगे।

कौन नेता कहां करेगा प्रवास

केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट नानकमत्ता के पीपलिया पिस्तोर गांव में, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज हरिद्वार ग्रामीण के जमालपुर कला में, प्रेमचंद अग्रवाल ऋषिकेश के प्रतीनगर में, डॉ. धन सिंह रावत श्रीनगर के पल्ली में, गणेश जोशी मसूरी के गुनियाल में, रेखा आर्य सोमेश्वर के सुपा कोट गांव में प्रवेश करेंगे। बिशन सिंह चुफाल डीडीहाट के बलपीर में, बंशीधर भगत कालाढुंगी के नारायणनगर में, मदन कौशिक हरिद्वार में, रमेश पोखरियाल निशंक ज्वालापुर की डालूवाला में, अजय टम्टा अल्मोड़ा के रेलापानी में, नरेश बंसल भगवानपुर के सिकरौड़ा में, डॉ. कल्पना सैनी पिरान कलियर के ब्रह्मपुर गांव में प्रवास करेंगे। कुल 29 पार्टी पदाधिकारियों की प्रवास के गांव तय किए गए हैं।