दिल्ली होटल अग्निकांड में फंसे उत्तराखंड के शेफ, CM धामी ने बातचीत में क्या कहा? | Uttarakhand News

Spread the love

दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में कानूनी प्रक्रिया का सामना कर रहे उत्तराखंड निवासी शेफ केशव नेगी (केसर सिंह नेगी) की मदद के लिए अब उत्तराखंड सरकार पूरी तरह आगे आ गई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को शेफ केशव नेगी से फोन पर सीधी बातचीत कर उनका ढांढस बंधाया और उन्हें हरसंभव कानूनी व प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का पुख्ता आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रवासियों की सुरक्षा को लेकर संवेदनशील रुख अपनाते हुए सीएम धामी ने इस विषय पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से भी दूरभाष पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री धामी ने दिल्ली सरकार से आग्रह किया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को बिना वजह प्रताड़ित न होना पड़े। इससे पहले सीएम धामी ने केशव नेगी की बेटी कनिष्का से भी बात कर बच्चों को पूरा सहयोग देने का वादा किया था। मुख्यमंत्री की इस संवेदनशीलता और मदद के भरोसे को पाकर शेफ केशव नेगी बातचीत के दौरान बेहद भावुक नजर आए।