दून अस्पताल की इमरजेंसी में मारपीट-गालीगलौज! आखिर क्यों बिगड़ रहे हालात? | Uttarakhand News

Spread the love

राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में शनिवार आधी रात को कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ गईं। दून यूनिवर्सिटी रोड पर शुरू हुआ दो गुटों का विवाद अस्पताल के भीतर तक पहुंच गया, जहां करीब 15 से 20 युवकों ने इमरजेंसी वार्ड के अंदर घुसकर जमकर बेल्ट और लात-घूंसे चलाए। इस खूनी संघर्ष में इलाज कराने आए एक युवक की नाक टूट गई और सिर में गंभीर फ्रैक्चर आया है। बीच-बचाव करने उतरे डॉक्टरों और सुरक्षा गार्डों के साथ भी हमलावरों ने धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की। शनिवार रात दून यूनिवर्सिटी रोड के पास कुछ युवक कार में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे सुबिंद नाम के युवक के साथ उनकी किसी बात को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कार सवार युवकों ने सुबिंद के साथ मारपीट शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ, जिसके बाद घायल सुबिंद रात करीब 12:30 बजे अपने दोस्तों के साथ मेडिकल जांच और प्राथमिक उपचार के लिए दून अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचा।

पीड़ित सुबिंद अभी इमरजेंसी वार्ड के अंदर स्ट्रेचर पर लेटा ही था कि आरोपी पक्ष के 15-20 युवक हाथों में बेल्ट और लोहे के पंच लेकर अस्पताल के भीतर घुस आए। उन्होंने बिना किसी खौफ के डॉक्टरों और तीमारदारों के सामने ही सुबिंद पर दोबारा जानलेवा हमला बोल दिया। वार्ड के भीतर हुए इस अचानक हमले से अस्पताल में चीख-पुकार मच गई और इलाज करा रहे अन्य मरीजों में दहशत फैल गई। मारपीट रोकने के लिए जब मौके पर मौजूद इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (EMO), एक महिला डॉक्टर और सुरक्षा गार्ड आगे आए, तो हमलावरों ने उनके साथ भी बदतमीजी की। आरोपियों ने डॉक्टरों को डराते हुए टेबल पर रखी सरकारी फाइलें और दस्तावेज उठाकर फेंक दिए। सुरक्षाकर्मियों को जान से मारने की धमकी देकर पीछे धकेल दिया गया। अस्पताल स्टाफ के अनुसार, हमलावर पूरी तरह बेकाबू थे और उन्होंने करीब आधे घंटे तक इमरजेंसी को बंधक बनाए रखा।