उत्तराखण्ड: पुलिस और नशा तस्कर के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से हुआ घायल

पथरी थाना क्षेत्र में पुलिस और नशा तस्कर के बीच गुरुवार की देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया।

Share

प्रदेश में अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ता ही जा रहा है। बीती रात हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में पुलिस और नशा तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। Police And Drug Smugglers Encounter पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल और फिर अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। आरोपी की कार से 900 से ज्यादा नशे के कैप्सूल बरामद हुए। आरोपी नशे की दवाइयों की डिलीवरी देने यहां आया था। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि पथरी थाना क्षेत्र के सुभाषगढ़ बुढ्ढाहेड़ी के पास थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इस बीच एक सफेद रंग की कार को आता देख पुलिस ने रोकने का का प्रयास किया।

तभी कार सवार बदमाश ने तमंचे से पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद बदमाश गाड़ी से उतरकर जंगल की तरफ भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा किया तो फिर से फायरिंग की। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह नीचे गिर पड़ा। घायल अवस्था में पुलिस ने बदमाश को अस्पताल में भिजवाया। जहां उसका उपचार चल रहा हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। थानाध्यक्ष रविंदर कुमार ने बताया कि बदमाश की पहचान बिट्टू निवासी जटोला दामोदरपुर थाना देवबंद जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी के कार के अंदर से 900 से ज्यादा नशे के कैप्सूल बरामद हुए हैं। एक तमंचा, खोखा व जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।