विधायक और ग्रामीणों में तकरार, धरने पर बैठे ग्रामीण

Spread the love

भवाली। रामगढ़ ब्लॉक के बजूठिया गांव में सड़क निर्माण के श्रेय को लेकर विधायक और ग्रामीणों में तकरार हो गई। इस दौरान ग्रामीण विधायक पर अभद्रता का आरोप लगाकर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना था कि विधायक के माफी मांगने पर ही वह उठेंगे।

विधायक राम सिंह कैड़ा सोमवार को रामगढ़ ब्लॉक के बजूठिया ग्राम पहुंचे। इस दौरान ओड़ाखान से सुयालबाड़ी की सड़क को दुरुस्त करने का काम चल रहा था। मार्ग की मरम्मत में ग्रामीण भी सहयोग कर रहे थे। विधायक के आने पर ग्रामीण उनके पास पहुंच गए। विधायक के पूछने पर ग्रामीणों ने बताया कि सड़क लोक निर्माण विभाग की ओर से बनाई जा रही है। इस बीच विधायक और ग्रामीणों के बीच सड़क निर्माण के श्रेय के मुद्दे पर बहस हो गई। हरीश नेगी ने आरोप लगाया कि विधायक कैड़ा ने सड़क निर्माण में जुटे लोगों से गालीगलौज और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। इससे गुस्साए ग्रामीण मौके पर धरने में बैठ गए। बाद में विधायक क्षेत्र से चले गए। ग्रामीणों का विरोध देख क्वारब चौकी के आनंद राणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को मनाने की कोशिश की लेकिन ग्रामीण विधायक के माफी मांगने पर अड़े रहे। खबर लिखे जाने तक ग्रामीण धरने पर बैठे रहे। इस दौरान जगदीश चंद्र, शोबन सिंह, महेंद्र आर्य, जीवन आर्य, पंकज आर्य, मोहन जीना आदि मौजूद रहे। वहीं, मामले में पक्ष जानने के लिए विधायक राम सिंह कैड़ा का फोन नहीं उठा। क्वारब चौकी इंचार्ज दीप्ति सिंह ने बताया कि ग्रामीण विधायक को बुलाने के लिए मौके पर डटे हुए हैं।

विधायक और डीआईजी का पक्ष
विधायक राम सिंह कैड़ा ने बताया कि उनके साथ रामगढ़ क्षेत्र में जेसीबी और डंपर स्वामी ने दुर्व्यवहार किया है। जेसीबी संचालक ने गाड़ी लगाकर उनका रास्ता रोक लिया था। इस मामले में उन्होंने घटना से डीआईजी नीलेश आनंद भरणे, एसएसपी और जिले के अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करा दिया है। विधायक ने इस मामले में जिला पुलिस से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। डीआईजी ने बताया कि यह विवाद राजस्व क्षेत्र का है। रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ है। इस मामले में कार्रवाई करने के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।