उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न! बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट | Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड में भीषण गर्मी से जहां लोग बेहाल हो चले थे वहीं, अब मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने राज्य के मौसम को लेकर एक चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 11 जून और 12 जून को उत्तराखंड के कई हिस्सों में मौसम का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, उधम सिंह नगर और चम्पावत सहित कुल 8 जनपदों में आकाशीय बिजली चमकने, तेज ओलावृष्टि होने और इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी झोंकेदार हवाएं (अंधड़) चलने का गंभीर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

12 जून को पूरे प्रदेश में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होगी। 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय इलाकों में हिमपात भी संभव है 13 जून को पहाड़ी जिलों में कुछ जगह बारिश जारी रहेगी और ऊंचाई पर बर्फ गिर सकती है। मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। 14 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश की संभावना बनी रहेगी। बाकी पहाड़ी जिलों में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं, जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम साफ रहने का अनुमान है।