सेल्फी लेने के चक्कर में केदारनाथ मार्ग पर मंदाकिनी नदी में गिरा युवक, ऐसे बची जान

Share

Kedarnath Yatra: केदारनाथ के रामबाड़ा पैदल मार्ग पर एक यात्री को सेल्फी लेना महंगा पड़ गया। यात्री सेल्फी लेने के चक्कर में नदी में गिर गया। हालांकि गनीमत रही कि वो एक पत्थर के सहारे अटका रहा और स्थानीय लोगों ने मिलकर उसकी जान बचा ली। पहाड़ों में घूमने और यात्रा पर आए टूरिस्ट अक्सर यहां की वादियां देखकर प्रकृति के रंग में खो जाते हैं। लेकिन कई बार वो ऐसी गलती कर बैठते हैं, जिसका खामियाजा उन्हें जिंदगी भर भुगतना पड़ सकता है। ऐसी ही दिवानगी सेल्फी को लेकर आजकल नजर आती है। व्यू और लाइक्स के चक्कर में कुछ लोग पहाड़ों पर चढ़ जाते हैं तो कुछ नदियों में उतर जाते हैं। ऐसा ही एक घटना केदारनाथ के पैदल मार्ग की सामने आई है। जिसका अब वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।

इस वीडियो में एक व्यक्ति गहरी नदी में गिरा हुआ नजर आ रहा है और उसके कुछ लोग रस्सी के सहारे बचाते हुए दिख रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो केदारनाथ के रामबाड़ा का बताया जा रहा है। जहां मंदाकिनी नदी पर बने पुल पर एक व्यक्ति सेल्फी लेते हुए बेलेंस खो बैठा और सीधे मंदाकिनी नदी में गिर गया। यात्री गुजरात का बताया जा रहा है। जैसे ही वह नदी में गिरा, स्थानीय लोगों और यात्रियों में हड़कंप मच गया। इस बीच वह एक पत्थर पर अटका रहा और बचाने के लिए चिल्लाता रहा। बाद में स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रस्सी के सहारे कड़ी मशक्कत के बाद उसे सकुशल बचा लिया। जिससे उसकी जान में जान आ गई। गनीमत रही कि वह मंदाकिनी के तेज बहाव में बच गया और रेस्क्यू कर लिया, नहीं तो कोई बड़ी घटना हो सकती थी। केदारनाथ पैदल मार्ग पर कई बार यात्री सेल्फी के चक्कर में अपनी जान गंवा बैठ चुके हैं। ऐसे में पैदल मार्ग पर लोगों को पूरी सतर्कता के साथ यात्रा करने की सलाह दी जाती है।