हरिद्वार में AI वीडियो का वायरल खेल! सोनम यादव की शिकायत… अब होगी कार्रवाई? | Uttarakhand News

Spread the love

धार्मिक नगरी हरिद्वार में गंगा स्नान के एक वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से मॉर्फ कर सोशल मीडिया पर वायरल करने का गंभीर मामला सामने आया है। असल वीडियो में सलवार-सूट पहनकर पवित्र हर की पैड़ी पर आस्था की डुबकी लगा रही हरियाणा के भिवाड़ी निवासी सोनम यादव ने इसे लेकर हरियाणा क्राइम ब्रांच और साइबर सेल में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि असामाजिक तत्वों ने उनकी मूल रील को एआई तकनीक से आपत्तिजनक व अर्धनग्न रूप देकर सनसनी फैलाने और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से इंटरनेट पर प्रसारित किया है। सोशल मीडिया यूजर्स के साथ-साथ हरिद्वार के तीर्थ पुरोहितों में भी भारी आक्रोश फैल गया है। सोनम यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से इस फर्जी वीडियो को तुरंत हटाने और आगे शेयर न करने की सख्त अपील करते हुए इसे फॉरवर्ड करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कदम उठाने की चेतावनी दी है। वहीं, तीर्थ पुरोहितों ने इसे सनातन परंपरा और पावन तीर्थस्थल की मर्यादा पर हमला बताते हुए उत्तराखंड व हरियाणा पुलिस से साइबर अपराधियों को तुरंत चिह्नित कर सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है।