गंगा में नहाने उतरा युवक… तेज बहाव में हुआ लापता | Uttarakhand News

Spread the love

थाना लक्ष्मणझूला से सूचना प्राप्त हुई कि बजरंग सेतु के समीप घाट पर स्नान के दौरान एक युवक गंगा नदी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गया है। सूचना प्राप्त होते ही SDRF पोस्ट ढालवाला की टीम आवश्यक डीप डाइविंग उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डूबा हुआ युवक अपने तीन अन्य साथियों के साथ लक्ष्मणझूला क्षेत्र घूमने आया था। सभी युवक गंगा नदी में स्नान करने के लिए घाट पर उतरे थे। स्नान के दौरान एक युवक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गया और डूब गया।

घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF टीम द्वारा डीप डाइविंग उपकरणों की सहायता से नदी की गहराइयों में सघन सर्च अभियान चलाया गया। इसके अतिरिक्त घटनास्थल से लेकर पशुलोक बैराज तक नदी के सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है। फिलहाल युवक का कोई पता नहीं चल सका है तथा सर्च अभियान लगातार जारी है। डूबे हुए युवक की पहचान शिवांशु राज, पुत्र अनूप पांडे, आयु 22 वर्ष के रूप में हुई है। युवक मूल रूप से जिला पश्चिम चंपारण (बेतिया), बिहार का निवासी था तथा वर्तमान में चावला हाउस, सेकंड फ्लोर, नेहरू प्लेस, नई दिल्ली में रहकर एक निजी कंपनी में कार्यरत था। घटना की सूचना युवक के परिजनों को दे दी गई है। मौके पर लक्ष्मणझूला पुलिस, स्थानीय जल पुलिस एवं SDRF की टीम संयुक्त रूप से आवश्यक कार्रवाई एवं सर्च अभियान में जुटी हुई है।