धामी सरकार की कैलाश गहतोड़ी को एक और सौगात, आवंटित किया बंगला

Spread the love

देहरादून: उत्तराखंड सरकार में दर्जाधारी मंत्री कैलाश गहतोड़ी को धामी सरकार ने एक और सौगात दी है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने और पुष्कर सिंह धामी के एक बार फिर मुख्यमंत्री के रूप में चुने जाने के बाद कैलाश गहतोड़ी की इस राजनीतिक कुर्बानी को लेकर भाजपा सरकार भी उनको लेकर गंभीर दिखाई दी है। शायद यही कारण है कि पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी को सरकार बनने के फौरन बाद सबसे महत्वपूर्ण दायित्व के रूप में वन विकास निगम का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

अब इस बार उन्हें यमुना कॉलोनी स्थित सरकारी मंत्री आवास आवंटित किया गया है। बता दें धामी सरकार ने इससे पहले उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देते हुए वन विकास निगम का अध्यक्ष भी बना चुकी है। अब उन्हें मंत्री आवास आवंटित करते हुए यमुना कॉलोनी के R-7 बंगला दिया गया है। यह वह बंगले हैं, जहां राज्य के मंत्री रहते हैं। इससे पहले भाजपा की सरकार में शिक्षा मंत्री रहे अरविंद पांडे को यह R7 बंगला आवंटित किया गया था।

खास बात यह है कि इस बंगले को पूरी तरह से नया बनाने के लिए इसमें रिनोवेशन का काम किया जा रहा है। नये फर्श से लेकर दीवारों तक को बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है। पिछले कई दिनों से R7 नंबर के इस बंगले में लगातार कर्मचारी काम में जुटे हुए हैं। वन विकास निगम के अध्यक्ष अभी इस बंगले में शिफ्ट नहीं हुए उससे पहले ही उनके नाम का बोर्ड इस बंगले के बाहर लगाया जा चुका है।