भाजपा हाईकमान की त्रिवेंद्र सिंह रावत पर नजरे, दी जा सकती है भाजपा संगठन में बड़ी जिम्मेदारी

Share

उत्‍तराखंड राजनीति: त्रिवेंद्र इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं और सोमवार को उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात की। इन मुलाकातों को इसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है कि भाजपा पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को केंद्रीय संगठन में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप सकती है।

चर्चा है कि भाजपा नेतृत्व निकट भविष्य में त्रिवेंद्र को संगठन में कोई पद दे सकता है और इसी कड़ी में विमर्श के लिए त्रिवेंद्र दिल्ली पहुंचे हैं। सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष से पार्टी मुख्यालय में भेंट की। इसके बाद वह राष्ट्रीय महामंत्री एवं तेलंगाना, जम्मू कश्मीर, लेह लद्दाख के प्रभारी तरुण चुग, भाजपा विदेश विभाग के प्रमुख विजय चौथाईवाले, भाजपा राष्ट्रीय कार्यालय व्यवस्था प्रमुख महेंद्र पांडेय से भी मिले।

वही त्रिवेंद्र सिंह रावत के मुख्यमंत्रित्वकाल में मंत्री रहे मदन कौशिक भी अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की ओर टकटकी लगाए हुए हैं। भट्ट की प्रदेश अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के बाद से यह चर्चा राजनीतिक गलियारों में है कि अब कौशिक के राजनीतिक भविष्य क्या होगा। समझा जा रहा है कि उन्हें धामी सरकार में मंत्री पद अथवा पार्टी के केंद्रीय संगठन में कोई पद दिया जा सकता है।