फेसबुक कमेंट पर ‘मोहम्मद दीपक’ पर केस!कोटद्वार में व्यापारी को धमकी देने का आरोप | Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड के कोटद्वार में सोशल मीडिया विवाद को लेकर पुलिस ने दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद दीपक’ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर गंगा दत्त जोशी मार्ग स्थित एक साड़ी व्यापारी के साथ बदसलूकी करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। पुलिस के अनुसार, पूरा विवाद फेसबुक पर किए गए कुछ कमेंट्स को लेकर शुरू हुआ था। कमेंट्स से नाराज होकर दीपक कुमार अपने कुछ साथियों के साथ सीधे व्यापारी की साड़ी की दुकान पर पहुंच गए। आरोप है कि वहां उन्होंने व्यापारी के साथ तीखी बहस की, उनके साथ बदसलूकी की और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। व्यापारी की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोटद्वार पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार को शांति भंग करने की धारा (151) के तहत गिरफ्तार कर लिया।

दीपक की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही स्थानीय व्यापारी और भाजपा संगठन से जुड़े कई लोग कोटद्वार कोतवाली पहुंच गए। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस प्रशासन के सामने कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार के तनाव को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने पूरे इलाके में फ्लैग मार्च भी निकाला। पुलिस ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दीपक कुमार कोटद्वार में एक जिम चलाते हैं। वह इसी साल 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) के आसपास सोशल मीडिया पर तब सुर्खियों में आए थे, जब उनका एक वीडियो वायरल हुआ था। उस वीडियो में वह एक बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार के साइनबोर्ड से ‘बाबा’ शब्द हटाने का विरोध कर रही भीड़ से अकेले बहस करते नजर आए थे। उसी बहस के दौरान उन्होंने खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ कहा था, जिसके बाद से वे सोशल मीडिया पर इसी नाम से चर्चित हैं।