पंतनगर किसान मेले में छेड़छाड़ से बवाल!लोगों ने आरोपी को पकड़ा

Spread the love

पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे अखिल भारतीय किसान मेले में रविवार की शाम कार हटाने के विवाद ने उस समय बड़ा रूप ले लिया, जब कुछ युवकों पर स्टॉल लगाने आई युवतियों के साथ सरेआम अभद्रता और छेड़छाड़ करने का आरोप लगा। जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर निवासी तीन युवतियां मेले के अंतिम दिन अपना सामान कार में लोड कर रही थीं, तभी वहां पहुंचे एक अन्य कार सवार चार युवकों ने तुरंत गाड़ी हटाने का दबाव बनाया। युवतियों द्वारा थोड़ा समय मांगने पर युवकों ने कथित तौर पर नशे की हालत में उनके साथ तीखी बहस शुरू कर दी, जो देखते ही देखते हाथापाई और बदसलूकी में बदल गई। इस हंगामे को देख मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय के सुरक्षा अधिकारी और पंतनगर पुलिस बल मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पीड़ित युवतियों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। रुद्रपुर के सीओ सिटी विभव सैनी के मुताबिक, युवतियों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार अज्ञात कार सवार युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 (महिला की शालीनता को ठेस पहुंचाना) व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सब-इनस्पेक्टर दिनेश रावत को सौंपी गई है, जो गाड़ी के नंबर और मेला परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रहे हैं।