चरम पर चारधाम यात्रा: नौ दिन में पहुंचे रिकॉर्ड श्रद्धालु, सबसे ज्यादा पहुंचे केदारनाथ

चारधाम पहुंचे श्रद्धालुओं की संख्या गत वर्ष से लगभग 75 प्रतिशत अधिक है। इसमें सबसे ज्यादा केदारनाथ धाम में 2.50 लाख से अधिक यात्रियों ने दर्शन किए।

Share

उत्तराखंड चारधाम यात्रा में इस समय आस्था का सैलाब उमड़ा हुआ है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु चारधाम पहुंच रहे हैं। Chardham Yatra 2024 Update यात्रा के श्रीगणेश को अभी नौ दिन ही हुए हैं और छह लाख से अधिक श्रद्धालु चारों धाम में मत्था टेक चुके हैं। विशेष बात यह कि इस बार शुरुआती दस दिन में चारधाम पहुंचे श्रद्धालुओं की संख्या गत वर्ष से लगभग 75 प्रतिशत अधिक है। इसमें सबसे ज्यादा केदारनाथ धाम में 2.50 लाख से अधिक यात्रियों ने दर्शन किए। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में रोजाना औसतन 70 हजार से ज्यादा तीर्थयात्री दर्शन कर रहे हैं। वहीं, चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण का आंकड़ा 29.52 लाख पहुंच गया है।

कपाट खुलने के बाद से चारों धाम में खास वर्षा या बर्फबारी नहीं हुई है, जिसका प्रभाव यात्रा पर पड़े। सबसे अधिक उत्साह बाबा केदार के दर्शन के लिए देखा जा रहा है। इसी गति से यात्रा चली तो गत वर्ष का कीर्तिमान टूटने की पूरी उम्मीद है। कपाट खुलने के साथ ही यात्रा ने गति पकड़ ली। यातायात व्यवस्था की चुनौतियों के बीच भी यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। इस वर्ष चारधाम यात्रा 10 मई को यमुनोत्री, गंगोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ शुरू हुई थी। हालांकि, यात्रा को पूर्ण स्वरूप 12 मई को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ मिला।