खड़गे प्रकरण पर कांग्रेस का हल्लाबोल!महेंद्र भट्ट के आवास का घेराव | Uttarakhand News

Spread the love

हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मैदान के ‘शुद्धिकरण’ को लेकर शुरू हुआ सियासी बवाल अब पूरी तरह गरमा गया है। इस विवाद के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून स्थित उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के सरकारी आवास का घेराव किया। भारी संख्या में पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इसे दलित समाज के सम्मान पर सीधा हमला करार दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी और अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने सीधे तौर पर प्रदेश सरकार को घेरा। कांग्रेस नेताओं ने कहा, “भाजपा लाख दावें कर ले, लेकिन उसका असली चेहरा और दलित विरोधी सोच इस घटना से उजागर हो चुकी है। देश के सबसे वरिष्ठ दलित नेताओं में से एक का इस तरह अपमान उत्तराखंड की देवभूमि पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों और इस कृत्य का बचाव करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन किया जाएगा।