देहरादून में तेजी से पैर पसार रहा डेंगू, ग्राउंड पर उतरे मेयर गामा, जमकर लगाई फटकार

Share

Dengue cases in Dehradun: उत्तराखंड में डेंगू मुसीबत बन गया है। खासकर देहरादून में लोग डेंगू के डंक से कराह रहे हैं। यहां स्मार्ट सिटी के तहत निर्माण कार्य के चलते जगह-जगह गड्ढे बने हैं। जिनमें बरसात का पानी जमा हो रहा है। जिससे डेंगू के लार्वा पनप रहे हैं। जो बाद में लोगों पर कहर बरपा रहे हैं। तमाम शिकायतों के बाद मेयर सुनील उनियाल गामा ग्राउंड पर उतरे और निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गड्ढों में पानी मिलने पर अधिकारियों को फटकार भी लगाई। इसके अलावा गामा दवाइयों का स्प्रे करते भी नजर आए। देहरादून मेयर सुनील उनियाल गामा ने बताया कि स्मार्ट सिटी के कार्यों को लेकर पहले भी वो नाराजगी जता चुके हैं, लेकिन स्मार्ट सिटी की कार्यदायी संस्था लापरवाही बरतती जा रही है। इससे पहले भी वो सीएम धामी से शिकायत कर कई ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करवा चुके हैं। ताकि, काम सही तरीके से हो।

उन्होंने चकराता रोड पर निर्माणाधीन स्मार्ट सिटी के कार्यों का जायजा लिया है। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को फटकार भी लगाई। गामा ने कहा कि इन गड्ढों में डेंगू का लार्वा न पनपे, इसके लिए दवाई का छिड़काव किया रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य पूरा करने को कहा गया है। आज से पूरे शहर के सभी वार्डों में डेंगू सैनिटाइजेशन का छिड़काव शुरू कर दिया गया है। इस दौरान अगर कहीं पर लापरवाही पाई जाती है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी। महापौर सुनील उनियाल गामा जी ने बताया कि जहां-जहां जिन विभागों की कमी मिली है उन पर अवश्य ही कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।