धामी कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं तेज, कैबिनेट से कुछ मंत्रियों के बाहर होने की खबर

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट साफ कर चुके हैं कि जल्द ही उत्तराखंड में कैबिनेट का विस्तार हो सकता है। कुछ मंत्रियों की कुर्सी जा सकती है। कुछ नए चेहरे पुष्कर सिंह धामी की कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं।

Share

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिल्ली दौरे से लौटने के बाद एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा तेज हो गई है। इस बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और सांसद अनिल बलूनी के बयानों के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। Dhami Cabinet Expansion माना जा रहा है कि होली के आसपास कभी भी धामी मंत्रिमंडल का विस्तार और फेरबदल हो जाएगा। पीएम मोदी के मुखबा हर्षिल दौरे से लौटते ही सीएम धामी भी दिल्ली पहुंच गए। सीएम धामी दिल्ली में एक दिन रूके और केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात के बाद देहरादून लौट आए। ऐसे में माना जा रहा है कि सीएम धामी ने दिल्ली में हाईकमान से मंत्रिमंडल में फेरबदल और विस्तार को लेकर चर्चा की है। पार्टी सूत्रों की मानें तो मौजूदा धामी कैबिनेट के तीन मंत्रियों पर तलवार लटकी हुई है, जिन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। इसके अलावा चार नए विधायकों को धामी कैबिनेट में मंत्री बनाया जाएगा।

देहरादून, हरिद्वार, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिले से धामी कैबिनेट में एक-एक मंत्री को शामिल किया जाएगा, जिसको लेकर बीजेपी संगठन स्तर पर कसरत चल रही है। बीते दिनों बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी इशारों ही इशारों ने इस बात का जिक्र किया था कि कभी भी प्रदेश में कैबिनेट विस्तार हो सकता है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने तब ये भी जानकारी दी थी कि उन्होंने प्रदेश के वर्तमान हालात की रिपोर्ट दिल्ली हाईकमान को भेज दी है। वहीं, बलूनी का यह कहना कि उन्होंने पार्टी फोरम पर मजबूती के साथ अपनी बात रख दी है, ये सारे इत्तेफाक किसी बड़े फैसले की ओर इशारा तो कर ही रहे हैं। सीएम का दिल्ली में रुकना और केंद्रीय नेताओं से उनकी प्रस्तावित मुलाकातों के सियासी मायने टटोले जा रहे हैं। चर्चा है कि मसला सिर्फ कैबिनेट विस्तार तक सीमित नहीं है। कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में अदला-बदली भी हो सकती है।