उत्तराखंड में इस समय मौसम शुष्क बना हुआ है। बीते कुछ दिनों से दिन में चटख धूप खिलने से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि देखी जा रही है। Uttarakhand Weather Report Today हफ्ते भर से राज्य में मौसम साफ देखने को मिला है, जबकि सुबह शाम पहाड़ी इलाकों में सुखी ठंड पड़ रही है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तराखंड में 22 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा। सर्द हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, 20 दिसंबर को राज्य के सभी जिलों का मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। देहरादून का अधिकतम तापमान आज शुक्रवार को 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले कुछ दिन राज्यभर में मौसम शुष्क रहेगा। पहाड़ी इलाकों में पाला पड़ने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में हल्का कोहरा और धुंध छा सकता है। पारे में मामूली गिरावट की संभावना भी जताई गई है। तराई के रुद्रपुर और आसपास के इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है। पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि गुरुवार को मैदानी इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। उत्तराखंड में शुष्क मौसम और खिली धूप ने लोगों को राहत दी है, लेकिन सुबह और शाम की ठिठुरन बरकरार है। तराई और मैदानी इलाकों में कोहरे के चलते वाहन चालकों को सतर्कता बरतने की जरूरत है।