शॉर्टकट के चक्कर में नदी किनारे फंसे दिल्ली के 4 श्रद्धालु | Uttarakhand News

Spread the love

श्री केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुगम एवं सुरक्षित यात्रा हेतु जनपद पुलिस मुस्तैदी से जुटी हुई है। गत रात्रि को पुलिस कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ श्रद्धालु मुख्य यात्रा मार्ग को छोड़कर श्री केदारनाथ धाम से नीचे जल्दी पहुंचने की चाह में शॉर्टकट रास्ते का उपयोग करते हुए नदी किनारे (भीमबली व लिंचोली के मध्य) अत्यंत दुर्गम एवं संकरे स्थान पर फंस गये हैं। सूचना प्राप्त होते ही मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चौकी भीमबली से अपर उपनिरीक्षक यशपाल सिंह मय आरक्षी रामनारायण ध्यानी तथा चौकी लिंचोली से चौकी प्रभारी अनूप शर्मा मय पुलिस टीम तत्काल रवाना हुये। इसके साथ ही YMF लीडर चंद्रप्रकाश व DDRF की टीमों को भी मौके के लिए रवाना कर त्वरित समन्वय स्थापित किया गया। रात्रि के घने अंधेरे, भौगोलिक विषमताओं तथा नदी किनारे के अत्यंत कठिन रास्तों के बावजूद संयुक्त रेस्क्यू टीम ने बेहतर समन्वय और अदम्य साहस का परिचय देते हुए चारों श्रद्धालुओं को ढूंढ निकाला। रेस्क्यू टीम द्वारा अत्यंत सावधानीपूर्वक रस्सी व अन्य उपकरणों के सहयोग से चारों फंसे हुए श्रद्धालुओं को मुख्य मार्ग पर सकुशल वापस लाया गया।