गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने क्षेत्रवासियों को एक ही दिन में दो महत्वपूर्ण सौगातों की जानकारी दी है। Laldhang-Chillarkhal Road Vehicle Operation जिसमें रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन और लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर वाहनों को हरी झंडी शामिल है। बीजेपी सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र की जनता की मांग पर 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया जा रहा है। शुरुआती चरण में यह ट्रेन हफ्ते में दो दिन चलेगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसके संचालन को हफ्ते में चार या पांच दिन तक विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कॉर्बेट सिटी के रूप में प्रसिद्ध रामनगर उत्तराखंड का प्रमुख पर्यटन केंद्र है।
इसके अलावा सांसद अनिल बलूनी ने दूसरी बड़ी उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि सुप्रीम कोर्ट की सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) ने लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर ‘कमर्शियल वाहन’ को लेकर बनी सभी असंमजस को दूर कर दिया है। इसके बाद इस मार्ग पर अधिकांश आवश्यक वाहनों के संचालन का रास्ता साफ हो गया है। अब इस मार्ग पर सवारी वाहन, सरकारी बसें, जीएमओयू (GMOU) की बसें, स्कूल बसें, किसानों के ट्रैक्टर और भवन निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों के संचालन की अनुमति मिल गई है।