Chardham Yatra: चार अप्रैल से बनेंगे वाहनों के ग्रीन कार्ड, इसके बिना नहीं मिलेगी एंट्री

चार अप्रैल से परिवहन विभाग के कार्यालय में ग्रीन कार्ड बनने शुरू हो जाएंगे। व्यावसायिक वाहनों को बिना ग्रीन कार्ड के यात्रा संभव नहीं होगी।

Share

चार धाम यात्रा को लेकर परिवहन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। चार धाम यात्रा में व्यावसायिक वाहनों के लिए परिवहन विभाग ने ग्रीन कार्ड अनिवार्य किया हुआ है। Uttarakhand Char Dham Yatra Green Card बिना ग्रीन कार्ड के यात्रा संभव नहीं होगी। चार अप्रैल से परिवहन विभाग के कार्यालय में ग्रीन कार्ड बनने शुरू हो जाएंगे। बृहस्पतिवार को इस संबंध में संयुक्त परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह ने संबंधित अफसरों को निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के मुताबिक, चार अप्रैल से ग्रीन कार्ड, ट्रिप कार्ड बनाने का काम होगा। एक मई से चारधाम यात्रा मार्गों पर अस्थायी चेकपोस्ट स्थापित की जानी हैं। इसके लिए नोडल, अपर नोडल, सहायक नोडल अधिकारियों को चारधाम यात्रा के लिए कंट्रोल रूम बनाते हुए इसका दूरभाष नंबर परिवहन मुख्यालय को उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग में निजी वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड की वैधता नहीं है। निजी वाहनों को ट्रिप कार्ड भरना अनिवार्य होगा। यात्रा मार्ग पोस्ट पर ट्रिप कार्ड की जानकारी चेक करने के लिए विभाग द्वारा स्कैनर लगाया जाएगा। जहां यात्री मोबाइल स्कैन कर ट्रिप कार्ड का डिटेल परिवहन विभाग के कर्मचारियों को दिखा सकेंगे। जिससे यात्रियों के डिटेल के साथ ही उनका डाटा भी विभाग के पास उपलब्ध रहे। ग्रीन कार्ड की वैधता यात्रा सीजन तक रहेगी। बताया गया कि हर वाहन में फर्स्ट-एड बाक्स रखना अनिवार्य होगा। चालक को दवा के बारे में बताया जाएगा। बसों में चालक व परिचालक वर्दी में रहेंगे और निजी वाहनों के व्यावसायिक प्रयोग की जांच को भी कमेटी बनेगी। आरटीओ सुनील शर्मा ने बताया कि वाहनों की पड़ताल के बाद ग्रीन कार्ड जारी किए जाएंगे। इसके लिए चालक को वाहन से जुड़े सभी दस्तावेज लाने होंगे। वाहन के अगले दोनों टायर तो नए होने अनिवार्य हैं। दून संभाग के सभी दफ्तरों से वाहनों को ग्रीन कार्ड मिलेंगे।