देहरादून में दोनों हाथ गंवा चुके बुजुर्ग दिव्यांग हरिओम सहगल के मकान के भुगतान को लेकर खड़ा हुआ विवाद गहरा गया है। कंडोली निवासी हरिओम सहगल ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2021 में उन्होंने अपना ₹2 करोड़ से अधिक बाजार मूल्य वाला मकान ₹56 लाख में जसवीर कौर आनंद उर्फ सोनिया आनंद रावत (पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत की कथित पत्नी) को बेचा था। पीड़ित के अनुसार, उन्हें केवल ₹12.8 लाख का ही भुगतान मिला और शेष ₹43.2 लाख के चेक बाउंस हो गए। बुजुर्ग का यह भी आरोप है कि तय रकम न देकर उनके साथ मारपीट की गई, उन्हें घर से बेदखल कर दिया गया और जान से मारने की धमकियां दी गईं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए देहरादून पुलिस के एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने इस प्रकरण की विस्तृत जांच एसपी सिटी को सौंपते हुए निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं दूसरी तरफ, आरोपी सोनिया आनंद रावत ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे सत्तारूढ़ भाजपा का राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया है। उन्होंने दावा किया कि यह मामला पहले से अदालत में विचाराधीन है और उनकी राजनीतिक छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से पुराने विवाद को जानबूझकर तूल दिया जा रहा है।