उत्तराखंड में लोग इस समय भीषण गर्मी और हीटवेव का सामना कर रहे हैं। कहीं से राहत के आसार नहीं दिख रहे। ऐसे में मौसम विभाग की चेतावनी लोगों को और चिंता में डाल रही है। राज्य में चढ़ते पारे ने 10 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। तेज धूप के साथ लू के थपेड़े बेहाल कर रहे हैं। मैदानी इलाकों में पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जो कि सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। उत्तराखंड में जून महीने की शुरुआत में ही पहाड़ से लेकर मैदान तक तपिश बढ़ने लगी है। हालांकि, मई में भी गर्मी रही लेकिन बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत भी पहुंचाई।
मौसम विभाग ने राज्य में हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है। मौसम विभाग ने गढ़वाल मंडल के जिलों में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम शुष्क बना रह सकता है। ऐसे में मैदानों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक और पर्वतीय क्षेत्रों में 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रह सकता है। मैदानी इलाकों में लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में देहरादून समेत तमाम मैदानी इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया है।
तेज गर्मी से लोगों को लू लगने का खतरा बढ़ गया है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। लू लगने का सबसे ज्यादा खतरा वृद्ध, गर्भवती और नवजात शिशुओं को रहता है। गर्मी में धूप में बाहर जाते समय हमेशा सफेद या हल्के रंग के ढीले कपड़ों का उपयोग करें। बिना भोजन किए घर से बाहर न निकलें। गर्दन का पिछला भाग, कान व सिर को गमछे या तौलिए से ढंककर ही धूप में निकलें। रंगीन चश्मे व छतरी का प्रयोग करें। पानी ज्यादा पीएं। धूप में ज्यादा देर तक खड़े होकर व्यायाम, मेहनत या अन्य कार्य न करें।