देहरादून गुच्चूपानी में तेज बारिश से बाढ़ जैसे हालात, सात पर्यटक फंसे, SDRF ने किया रेस्क्यू

Spread the love

राजधानी देहरादून शहर और आसपास में हुई बारिश से बृहस्पतिवार को सहस्रधारा में बाढ़ जैसे हालात हो गए। झमाझम बारिश के कारण गुच्चूपानी में अचानक से नदी जल स्तर बढ़ गया था। Dehradun Heavy Rain नहाने गए सात पर्यटक फंस गए जिन्हें एसडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बचाया। जानकारी के अनुसार शाम करीब 4:18 बजे आपदा कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि गुच्चूपानी में कुछ पर्यटक नदी के बीच फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट सहस्त्रधारा से अपर उपनिरीक्षक मनोज जोशी के नेतृत्व में टीम मौके के लिए रवाना हुई।

एसडीआरएफ एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने बताया कि शुरुआत में सूचना मिली थी कि यहां पर तीन पर्यटक फंसे हैं। जब टीम पहुंची तो देखा कि सात पर्यटक उफनती नदी में टापू पर फंसे हुए हैं। पानी का बहाव तेज होने के कारण पर्यटक बेहद घबराए हुए थे। एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल ऑपरेशन शुरू किया और सभी को सुरक्षित बचा लिया गया। बचाए गए पर्यटकों में डोईवाला निवासी रोहित, मनीष व सागर थापा, तिलक रोड निवासी मनीष, चंद्र विहार निवासी अंकित, प्रेमनगर निवासी नवजोत और बड़ोवाला निवासी सौरभ सिंह शामिल हैं।