उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान द्वारा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं को लेकर दिए गए ‘गधे-घोड़े’ वाले बयान पर सियासी घमासान थमता नजर नहीं आ रहा है। अब इस मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गणेश गोदियाल ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए बेहद तीखा और तंजभरा पलटवार किया है। गोदियाल ने कहा कि हालांकि वह एक जिम्मेदार पद पर होने के नाते ऐसी हल्की बातों का जवाब देना मुनासिब नहीं समझते, लेकिन जब सत्ताधारी दल का मुख्य प्रवक्ता ऐसी अमर्यादित भाषा बोलता है, तो उसका जवाब देना जरूरी हो जाता है।
गणेश गोदियाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए तंज कसा कि मनवीर चौहान के इस विवादित बयान का सबसे सटीक और मुफीद जवाब कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं (जैसे हाल ही में भाजपा में गए मथुरा दत्त जोशी) से ही पूछा जाना चाहिए कि वे इन शब्दों में से आखिर किस श्रेणी में आते हैं। गोदियाल ने कटाक्ष करते हुए कहा कि ये नेता खुद ही बेहतर ढंग से बता पाएंगे कि भाजपा में शामिल होने के बाद वे कौन सी श्रेणी में फिट हुए हैं। इस जुबानी जंग में अब कांग्रेस से भाजपा में गए नेताओं के मान-सम्मान को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर है और आगामी विधानसभा चुनावों से पहले इस मुद्दे को भुनाने में जुटा है।