उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर सार्वजनिक मंच पर खुलकर सामने आ गई। प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा के सरकारी कार्यक्रम में विकास कार्यों के शिलान्यास के दौरान विधायक शिव अरोड़ा और मेयर विकास शर्मा के समर्थकों के बीच जमकर नारेबाजी हुई। सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार के लिए आयोजित कार्यक्रम देखते ही देखते राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का मंच बन गया।कार्यक्रम में एक ओर विधायक समर्थक “मेरा विधायक कैसा हो, शिव अरोड़ा जैसा हो” जैसे नारे लगाते रहे, तो दूसरी ओर मेयर समर्थकों की ओर से पहले रेलवे स्टेशन पर लगाए गए नारों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
इस पूरे घटनाक्रम ने भाजपा की स्थानीय इकाई में चल रही गुटबाजी को खुलकर सामने ला दिया है। विवाद उस समय और बढ़ गया जब नगर निगम की ओर से लगाए गए विकास कार्यों के शिलापट्टों में विधायक शिव अरोड़ा का नाम नहीं होने की बात सामने आई। इसे लेकर विपक्ष के साथ-साथ राजनीतिक जानकार भी कई तरह के सवाल उठा रहे हैं। हालांकि इस पूरे मामले पर अब तक न तो विधायक शिव अरोड़ा और न ही मेयर विकास शर्मा की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है।फिलहाल रुद्रपुर में मंत्री के सरकारी कार्यक्रम के दौरान हुआ यह शक्ति प्रदर्शन पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की निगाहें भाजपा संगठन और पार्टी नेतृत्व पर टिकी हैं कि वह इस अंदरूनी खींचतान को लेकर क्या रुख अपनाता है और क्या संगठन स्तर पर कोई कार्रवाई या हस्तक्षेप किया जाता है।