बीजेपी में शामिल हुए आप नेता रहे जोत सिंह बिष्ट समेत कई बड़े नेता, CM धामी और प्रदेश अध्यक्ष ने किया स्वागत

उत्तराखंड में आप के बड़े नेता जोत सिंह बिष्ट, आरपी रतूड़ी और कमलेश रमन समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बीजेपी का दामन थाम लिया है, जो आगामी चुनाव में बीजेपी को और मजबूत करेगा।

Share

उत्तराखंड की पांच लोकसभा सीटों पर भाजपा-कांग्रेस को चुनौती देने का दावा कर रही आम आदमी पार्टी की मुश्किले बढ़ती जा रही हैं। AAP leaders joined BJP लोकसभा चुनाव से थोड़े समय पहले पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पार्टी का साथ छोड़ दिया है। आप के बड़े नेता जोत सिंह बिष्ट, आरपी रतूड़ी और कमलेश रमन समेत कई बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आप को छोड़कर बीजेपी का दामन थामा है। सभी नेताओं ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय देहरादून में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में बीजेपी की सदस्यता ली। रविवार को जोत सिंह बिष्ट के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश बिष्ट, आरपी रतूड़ी, हिम्मत बिष्ट, प्रवक्ता कमलेश रमन, संगठन सचिव हेम आर्य, सचिव चंद्रशेखर पांडे, बलवंत पंवार ने इस्तीफा दिया था। जोत सिंह बिष्ट ने दावा किया कि उनके साथ प्रदेशभर से 200 कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दिया था।

इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन करने वाले सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि जिस तरह से आज से उत्तरायण शुरू हो गया है और उत्तरायण शुरू होते ही सभी शुभ काम किए जाते हैं, ऐसे ही समय में भारतीय जनता पार्टी में बड़ी संख्या में लोगों का सदस्यता लेना एक शुभ संदेश है। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जिस तरह से 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है, ऐसे समय में भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़ना नए सदस्यों के लिए एक नई शुरुआत है। वहीं आप छोड़कर बीजेपी में आए जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली से बेहद प्रभावित हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी कार्यशैली से जनता के दिल में जगह बना रहे हैं। इस समय बीजेपी का कोई दूसरा मुकाबला नहीं बचा है, जिसे देखते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा है।