देहरादून से अयोध्या के लिए जल्द शुरू होगी रेल-हवाई सेवा, सीएम धामी ने केंद्रीय मंत्री से किया आग्रह

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से देहरादून से अयोध्या के लिए विमान सेवा शुरू करने का अनुरोध किया है।

Share

अयोध्या राम मंदिर को लेकर देशभर के लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। 22 जनवरी को पीएम मोदी के हाथों रामलला की प्राण प्रतिष्ठा करवाई जाएगी। Flights Will Start From Dehradun to Ayodhya देश के कोने-कोने से आज राम भक्त अयोध्या जाना चाहते हैं। जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से देहरादून से अयोध्या के लिए फ्लाइट शुरू करने का आग्रह किया है। इसके अलावा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा का विस्तारीकरण करने का अनुरोध किया है। दरअसल, देहरादून से लखनऊ तक के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संचालित करने की कवायद चल रही है। लिहाजा, इस रेल सेवा को अयोध्या तक संचालित किए जाने को लेकर सीएम धामी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से अनुरोध किया है।

इसके साथ ही सीएम पुष्कर धामी ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी अनुरोध किया है कि देहरादून से अयोध्या के लिए विमान सेवा शुरू किया जाए। ताकि, भविष्य में उत्तराखंड से विमान के जरिए अयोध्या पहुंचा जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के कारण देशभर के तीर्थ यात्रियों के आने-जाने का केन्द्र बना रहता है। देवभूमि के श्रद्धालु और देशभर के तीर्थ यात्रियों को आवागमन के लिए देहरादून से अयोध्या श्री राम जन्मभूमि के लिए सीधे कोई हवाई सेवा उपलब्ध नहीं है। सीएम धामी ने आगे लिखा कि हवाई सेवा उपलब्ध नहीं होने की वजह से देवभूमि उत्तराखंड में आये देशभर के यात्रियों और प्रदेश के श्रद्धालुओं को कठिनाई होने की संभावना प्रतीत होती है। इन कठिनाईयों के समाधान के लिए प्रतिदिन एक फ्लाइट देहरादून से अयोध्या तक संचालित किया जाना जरूरी है। इससे देश और प्रदेश के यात्रियों को काफी सुविधा होगी।