‘भगवा’ नजर आएगा देहरादून का पलटन बाजार, विरोध में उतरी कांग्रेस ने BJP को घेरा

Share

Dehradun: उत्तराखंड में देहरादून का सबसे पुराना बाजार स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत भगवा यानी ऑरेंज कलर का बनाया जाएगा। यहां पलटन बाजार मार्केट की दुकानों के बोर्ड और दुकानों के ऊपर लगने वाले शेड भगवा रंग में नजर आएंगे। उधर कांग्रेस ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। कांग्रेस का कहना है कि एक ही पार्टी के झंडे को लेकर चलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उत्तराखंड के रीति रिवाजों से संबंधित कलर होना चाहिए। स्मार्ट सिटी के बैठक में तय हुआ है कि बाजार की दुकानों के साइन बोर्ड और दुकानों के ऊपर लगने वाले शेड ऑरेंज कलर के होंगे। जानकारी है कि दुकानों के ऊपर लगने वाले इस कलर के शेड स्मार्ट सिटी के खर्चे से लगाए जाएंगे लेकिन कांग्रेस नेता इसका विरोध कर रहे हैं।

कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी ने इस निर्णय को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। जोशी ने कहा कि ये राजनीतिक ध्रुवीकरण है, एक ऐसा कलर होना चाहिए जो उत्तराखंड से जुड़ा हुआ हो। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी एक पार्टी के झंडे को लेकर चलना चाहती है। दरअसल, स्मार्ट सिटी की बैठक में बाजार का रंग ऑरेंज करने का निर्णय हुआ है। ऑरेंज कलर को फाइनल करने के पीछे की वजह जो भी हो लेकिन फिलहाल कांग्रेस इसे बीजेपी के पार्टी रंग भगवा से जोड़कर देख रही है। इतना जरूर है कि जहां स्मार्ट सिटी के कामों को लेकर लगातार सवाल तो उठ रहे थे वहीं अब भगवा कलर ने इसमें एक नया मोड़ ला दिया है।