गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर, काशीपुर और पिथौरागढ़ के लिए है अहम

Share

देहरादून: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर आठ दिसंबर को देहरादून पहुंचेंगी। दो दिवसीय दौरे के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू प्रदेश सरकार की दो योजनाओं का लोकार्पण और एक योजना का शिलान्यास करेंगी। प्रदेश में केंद्र सरकार की ओर से शुरू की गई तीन योजनाओं का लोकार्पण का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आठ दिसंबर की शाम को उत्तराखंड पहुंचेंगी।

अपने दौरे के पहले दिन वह देहरादून राजभवन में प्रदेश सरकार के पिथौरागढ़ में बनाए गए 200 बेड के अस्पताल और काशीपुर के ग्रामीण हाट का लोकार्पण करेंगी। राष्ट्रपति चंपावत, मोतीनगर, हल्द्वानी और रुद्रपुर के जिला अस्पतालों में 50-50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लाक का शिलान्यास करेंगी। राष्ट्रपति द्वारा ऊर्जा मंत्रालय की पिथौरागढ़ में उत्तर क्षेत्र के लिए बनाई गई विद्युत वितरण सुदृढ़ीकरण योजना, नेटवार-मोहरी जलविद्युत परियोजना और राजकीय मेडिकल कालेज, अल्मोड़ा का लोकार्पण भी प्रस्तावित है।

नौ दिसंबर को राष्ट्रपति सुबह मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी पहुंचेंगी। जहां वह प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को संबोधित करेंगी। इसके बाद वह देहरादून में दून विश्वविद्यालय के वार्षिक समारोह में शामिल होंगी। यहां महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा उनसे मुलाकात का कार्यक्रम भी है। इसके बाद राष्ट्रपति नई दिल्ली रवाना हो जाएंगी।