मौसम विभाग के अनुसार इस पूरे हफ्ते देशभर में मानसून पूरी तरह से एक्टिव रहेगा। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी और उत्तराखंड समेत पूरे उत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ों पर हो रही लगातार बारिश के कारण उत्तराखंड के उत्तरकाशी में लैंडस्लाइड हुआ है, जिससे यमुनोत्री नेशनल हाईवे बंद हो गया है। मैदानी इलाकों में भी स्थिति गंभीर है। यूपी में गंगा और घाघरा समेत 10 नदियां उफान पर हैं और बिजनौर के कई गांवों में पानी घुस गया है। वहीं, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से एक पुल दो हिस्सों में टूट गया, जिसमें एक यात्री बस फंस गई। इसके अलावा बिहार और झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है।
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन का संकट अभी भी पूरी तरह टला नहीं है। पालीगाड़ से जानकीचट्टी तक कई स्थानों पर सक्रिय भूस्खलन जोन प्रशासन और निर्माण एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं। विशेष रूप से स्यानाचट्टी क्षेत्र में पहाड़ी से लगातार गिर रहा चट्टानी मलबा और बोल्डर हाईवे की बहाली में सबसे बड़ी बाधा साबित हो रहा है। इसके बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) विभाग और निर्माण एजेंसी की टीमें युद्धस्तर पर मशीनों के माध्यम से मलबा हटाने और मार्ग को सुरक्षित बनाने में जुटी हुई हैं। सोमवार को हाईवे बंद होने के कारण बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री और अन्य श्रद्धालु रास्ते में फंस गए। सबसे अधिक परेशानी स्यानाचट्टी, सिलाई बैंड और हनुमानचट्टी के बीच देखने को मिली, यहां रुक-रुक कर पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरते रहे। इससे यातायात बार-बार बाधित होता रहा, मार्ग खोलने का कार्य भी प्रभावित हुआ।