केदारनाथ ग्राउंड जीरो पर पहुंचे SDRF सेनानायक

Spread the love

चारधाम यात्रा के दृष्टिगत श्री केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाए जाने हेतु सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी द्वारा ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर केदारनाथ धाम, पैदल मार्गों एवं विभिन्न संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पैदल मार्गों पर संचालित व्यवस्थाओं, भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन रिस्पॉन्स प्रणाली तथा विभिन्न सुरक्षा एवं राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रा ड्यूटी में लगे विभिन्न स्टेक होल्डर्स एवं संबंधित इकाइयों के अधिकारियों-कर्मचारियों से वार्ता कर मौके पर उपस्थित चुनौतियों एवं समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा कई बिंदुओं पर तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

सेनानायक SDRF द्वारा ATS टीम से भी संवाद स्थापित किया गया तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं समन्वित रिस्पॉन्स को लेकर आवश्यक चर्चा की गई। उन्होंने विभिन्न एजेंसियों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने केदारनाथ में स्थापित SDRF पोस्टों का भ्रमण कर ड्यूटी में तैनात SDRF कार्मिकों से संवाद किया तथा उनके रहने, खाने एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्मिकों का मनोबल बढ़ाते हुए कठिन परिस्थितियों में समर्पण एवं तत्परता के साथ किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उत्कृष्ट ड्यूटी निर्वहन करने वाले SDRF कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र एवं नगद पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।