पंच प्यारों की अगुवाई में हेमकुंड साहिब के लिए पहला जत्था रवाना | Uttarakhand News

Spread the love

हेमकुंड साहिब यात्रा का पहला जत्था गुरुवार को गुरुद्वारा गोविंदघाट से रवाना हुआ। पंच प्यारों की अगुवाई में पावन निशान साहिब और बैंड-बाजों के साथ श्रद्धालुओं का यह जत्था पवित्र धाम के लिए प्रस्थान किया। इस अवसर पर गोविंदघाट ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों से गूंज उठा। सिक्ख परंपरा में श्रद्धा, सेवा और साहस के प्रतीक माने जाने वाले पंच प्यारों ने इस प्रथम जत्थे की अगुवाई की। श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली। गुरुद्वारा गोविंदघाट में अरदास और शबद कीर्तन के बाद गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने श्रद्धालुओं को यात्रा के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन और चमोली पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पूरे यात्रा मार्ग पर पुलिस बल तैनात किया गया है, और पहले जत्थे के साथ विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।