चमोली: मौसम विभाग की बारिश की चेतावनी के अनुसार जनपद चमोली में हल्की बूंदाबांदी जारी है। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से तापमान में भारी गिरावट आई है। बदरीनाथ धाम की चोटियों के साथ ही हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, फूलों की घाटी व अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। ऊँचाई वाले क्षेत्रों ओर सिखों के प्रसिद्ध धाम हेमकुंड साहिब में ताजा बर्फबारी होने से प्रकृति ने चारों तरफ सफेद चादर से ओढ़ ली है। वहीं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी व वर्षा के बाद यात्री सुरक्षा को लेकर पुलिस गंभीर है। हेमकुंड में बर्फबारी के दौरान यात्रियों को कोई दिक्कत न हो, पुलिस ने 150 से अधिक यात्रियों को तुरंत बेस कैंप घांघरिया लाया गया।
पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने बताया कि बर्फबारी से यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती थी। हेमकुंड से दोपहर बाद सभी तीर्थयात्रियों को घांघरिया लाया गया। हालांकि हेमकुंड साहिब में किसी भी यात्री को रुकने की इजाजत नहीं है। यात्री शाम तक बेस कैंप घांघरिया लौट जाते हैं। पुलिस ने बर्फबारी से होने वाली दिक्कतों को देखते हुए दोपहर को सभी यात्रियों को एसडीआरएफ की मौजूदगी में दर्शन पूजा-अर्चना के बाद तत्काल वापस लौटाया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम को उत्तराखंड के चमोली, पिथौरागढ़, टिहरी समेत कई पहाड़ी इलाकों में अचानक मौसम बदल गिया। कहीं झमाझम बारिश हुई तो कहीं बर्फबारी हुई। हल्की बारिश बागवानी और खेती करने वाले किसानों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई पहाड़ी इलाकों में रविवार और सोमवार को भी बारिश और बर्फबारी जारी रहने की भविष्यवाणी की है।