दोस्तो पहाड़ों की रानी मसूरी से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। शांत और खूबसूरत मॉल रोड पर एक पर्यटक ने ऐसा हंगामा किया कि वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि हरियाणा से आए एक पर्यटक ने प्लास्टिक क्रेट से दंपति पर हमला कर दिया, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका सिर फट गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। आखिर पूरा मामला क्या है और कैसे कुछ ही मिनटों में मॉल रोड का माहौल बदल गया बताउंगा आपको पूरी खबर अपनी इस रिपोर्ट के जरिए। दोस्तो अपने उत्तराखंड में पर्यटकों की बढ़ती संख्या के साथ उपद्रव और मारपीट की घटनाएं भी चिंता का विषय बनती जा रही हैं और अब मसूरी के मॉल रोड क्षेत्र में एक पर्यटक द्वारा स्थानीय महिला और उसके पति पर प्लास्टिक के क्रेट से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे उपद्रवी पर्यटकों पर सख्ती नहीं की गई तो मसूरी की शांत और सुरक्षित पहचान पर गंभीर असर पड़ेगा। दोस्तो वहां मौजूद लोगों यानि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी बात को लेकर हरियाणा से आए एक पर्यटक की स्थानीय दंपति से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पर्यटक ने सामने की दुकान से प्लास्टिक का क्रेट उठाकर हमला कर दिया।
दोस्तो जैसा कि आप तस्वीर में देख पा रहे हैं क्रेट का जोरदार वार महिला के सिर पर लगा, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। वहीं उसके पति पर भी कई बार वार किया गया आरोपी ने बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों पर भी हमला करने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। वहीं दोस्तो शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी हरियाणा का निवासी है और घटना के समय शराब के नशे में बताया जा रहा था। पुलिस मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई में जुटी है.हमले में घायल महिला को तत्काल उप जिला चिकित्सालय मसूरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। चिकित्सकों की निगरानी में महिला का इलाज जारी है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। वीडियो में पर्यटक का आक्रामक व्यवहार और महिला पर हमला साफ दिखाई दे रहा है। लोग आरोपित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं दोस्तो ऐसी घटना पर स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि मसूरी की अर्थव्यवस्था पर्यटन पर निर्भर है और यहां आने वाले पर्यटकों का हमेशा स्वागत है, लेकिन कुछ शराबी और असामाजिक तत्व पर्यटन की आड़ में शहर का माहौल बिगाड़ रहे हैं. उनका कहना है कि ऐसे लोगों के कारण न केवल स्थानीय लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है, बल्कि मसूरी की छवि भी धूमिल हो रही है.स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से पर्यटकों द्वारा शराब पीकर हुड़दंग, मारपीट और अभद्रता की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। नागरिकों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि नशे में उत्पात मचाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। वहीं बात अगर पुलिस की करूं तो पुलिस कहती है कि पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई थी कि बाटा शोरूम के पास कुछ व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर अभद्र व्यवहार करते हुए लड़ाई-झगड़ा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना मसूरी से चीता मोबाइल और रात्रि अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि कुछ लोग आपस में मारपीट और विवाद कर रहे थे। और घटना के कारण आसपास बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पर्यटन सीजन के बीच माल रोड जैसे अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हुई इस घटना से कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को शांत कराया। दोस्तो इस हुड़दग और हमले के बाद पुलिस कहती है कि उपद्रव करने वालों में शामिल नीरज राघव (36 वर्ष) पुत्र रामनाथ सिंह, निवासी बड़ा गांव सिकंदरपुर, तहसील मानेसर, सेक्टर-86, गुरुग्राम (हरियाणा) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं गिरफ्तार व्यक्ति का नियमानुसार चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद लोक व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के उद्देश्य से उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत गुकदता दर्ज किया गया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को संबंधित कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की गई। दोस्तो पुलिस ने आरोपी के वाहन की जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन पाए जाने पर उसकी कार का भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया। तो दोस्तों, सवाल सिर्फ एक पर्यटक की हरकत का नहीं है, बल्कि उस व्यवस्था का भी है जो बार-बार ऐसी घटनाओं के बाद ही सक्रिय होती दिखाई देती है। उत्तराखंड अपनी मेहमाननवाजी और शांत पर्यटन स्थलों के लिए जाना जाता है। यहां आने वाले लाखों पर्यटक प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन पर्यटन की आड़ में कानून हाथ में लेने, नशे में हुड़दंग करने और स्थानीय लोगों पर हमला करने जैसी घटनाएं किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकतीं। स्थानीय लोगों की मांग है कि ऐसे मामलों में केवल चालान या मामूली कार्रवाई नहीं, बल्कि कड़ी कानूनी कार्रवाई हो ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति उत्तराखंड की शांति और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस पूरे मामले पर आपकी क्या राय है? हमें कमेंट करके जरूर बताइए।