यमुनोत्री हाईवे पर गहरी खाई में गिरा यूटिलिटी वाहन, चालक की मौत, तीन घायल

यमुनोत्री हाईवे पर सीमेंट से लदा वाहन खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई। हादसे में 3 अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

Share

यमुनोत्री हाईवे पर हनुमानचट्टी के समीप सीमेंट से भरा एक यूटिलिटी वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। Utility Vehicle Falls Into Ditch जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को सड़क तक पहुंचाया है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को बड़कोट से सीमेंट भरकर एक यूटिलिटी वाहन जानकीचट्टी की ओर से जा रहा था। चालक समेत चार लोग सवार थे। वाहन हनुमानचट्टी के समीप पहुंचा तो वहां पर यूटिलिटी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

सूचना मिलने पर स्थानीय लोग समेत पुलिस, एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। घटना में चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रेस्क्यू कर सड़क तक पहुंचाने के बाद पुलिस ने 108 के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट के लिए रवाना किया। वाहन चालक की पहचान 35 वर्षीय सोहन लाल निवासी स्यालना के रुप में हुई। सोहन लाल ही यूटिलिटी वाहन का स्वामी था। घटना में घायल तीनों लोग भी स्थानीय बताए जा रहे हैं। यह लोग बड़कोट से जानकीचट्टी जा रहे थे। चालक की मौत के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है।