उत्तराखंड: मकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान स्वाहा; इस तरह से बची 4 लोगों की जान

कोथरा गांव में आज तड़के करीब साढ़े 3 बजे योगंबर सिंह के चार कमरे वाले आवासीय मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई।

Share

चमोली जिले के नारायणबगड़ क्षेत्र के कोथरा गांव में बुधवार को एक मकान में आग लग गई। इस दौरान चार कमरों में भीषण आग फैलने से यहां रखा सामान जलकर खाक हो गया। Fire on House in Kothara Village गनीमत रही कि परिवार बच गया। बताया जा रहा घटना के दौरान परिवार पड़ोसी के मकान में सो रहा था जिससे उनकी जान बच गई। मिली जानकारी के अनुसार, कोथरा गांव में आज तड़के करीब साढ़े 3 बजे योगंबर सिंह के चार कमरे वाले आवासीय मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आसपास के लोगों को लगा कि परिवार अंदर ही फंस गया है। ऐसे में मकान में आग लगा देख ग्रामीणों में कोहराम मच गया। इसी बीच ग्रामीणों को पीड़ित परिवार पड़ोसी के घर पर सोता मिला।

गांव वालों ने आग पर काबू पाने की भरसक कोशिश की लेकिन तब तक सबकुछ राख हो चुका था। घटना की रात को मकान मालिक योगम्बर सिंह पास के गांव सुनभी गया था। जिस वजह से उनकी पत्नी मंजू देवी अपने दो बच्चों के साथ पड़ोसी के घर सोने चली गई थी। इसी वजह से उनकी जान बच गई। बताया जा रहा है कि योगंबर सिंह आर्थिक रूप से कमजोर था। अब मकान के जल जाने से सब कुछ तबाह हो गया है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल राजस्व पुलिस को दी। राजस्व उपनिरीक्षक रीता बिष्ट ने बताया कि वे मौके पर जाने के लिए रवाना हो गई हैं। ग्राम प्रधान वंदना नेगी ने इस आगजनी की घटना से बेघर हुए परिवार को तत्काल फौरी तौर पर मदद दिए जाने की मांग प्रशासन से की है।