विधानसभा के मंगलवार यानी आज होने वाले विशेष सत्र के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह सत्र नारी शक्ति वंदन को समर्पित रहेगा। Dehradun Assembly Special Session तय एजेंडे के मुताबिक सदन में ‘नारी सम्मान: लोकतंत्र में अधिकार” विषय पर चर्चा होगी। सदन में चर्चा के दौरान पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी बहस के साथ हंगामा होने के आसार हैं। सरकार की ओर से संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण) में संशोधन के प्रस्ताव के खिलाफ मतदान करने पर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया जाएगा। वहीं, विपक्ष ने महिलाओं के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन विधेयक संसद में पारित न होने के बाद से भाजपा और विपक्ष कांग्रेस समेत इंडी गठबंधन के मध्य तलवारें खिंची हैं।
इस मुद्दे पर भाजपा शासित राज्यों में विधानसभा के विशेष सत्र हो रहे हैं। इसी कड़ी में उत्तराखंड में मंगलवार को विधानसभा का विशेष सत्र आहूत किया गया है। विधानसभा का विशेष सत्र 28 अप्रैल को सुबह 11 बजे से आहूत होगा। ऐसे में प्रस्तावित विधानसभा सत्र को लेकर पुलिस ने देहरादून शहर का यातायात प्लान तैयार किया है। इसके साथ पुलिस की ब्रीफिंग भी कर ली गई है, जिसमें साफ कहा गया है कि डयूटी के दौरान लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। देहरादून में पुलिस ने विधानसभा का विशेष सत्र शुरू होने से खत्म होने तक का ट्रैफिक प्लान जारी किया है। विधानसभा सत्र के दौरान धरना प्रदर्शन आदि के मद्देनजर यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए देहरादून के कई स्थलों पर बैरियर प्वॉइंट निर्धारित किए गए हैं।